कीर का प्रिय आज पिंजर खोल दो! / महादेवी वर्मा
From Hindi Literature
|
कविता कोश की स्थापना के दो वर्ष पूरे! दो वर्ष की उपलब्धियाँ | रचनाकारों की टिप्पणियाँ | अपनी टिप्पणी दीजिये
|
|
रचनाकार: महादेवी वर्मा | |
|
संग्रह का मुखपृष्ठ: सांध्यगीत / महादेवी वर्मा |
कीर का प्रिय आज पिंजर खोल दो!
हो उठी है चंचु छूकर,
तीलियाँ भी वेणु सस्वर;
बन्दिनी स्पन्दित व्यथा ले,
सिहरता जड़ मौन पिंजर!
आज जड़ता में इसी की बोल दो!
जग पड़ा छू अश्रु-धारा;
हत परों का विभव सारा
अब अलस बन्दी युगों का-
ले उड़ेगा शिथिल कारा!
पङ्ख पर वे सजल सपने तोल दो!
क्या तिमिर कैसी निशा है!
आज विदिशा ही दिशा है;
दूर-खग आ निकटता के
अमर बन्धन में बसा है!
प्रलय घन में आज राका घोल दो!
चपल पारद सा विकल तन,
सजल नीरद सा भरा मन,
नाप नीलकाश ले जो-
बेडियों का माप यह बन,
एक किरण अनन्त दिन की मोल दो!
