नव घन आज बनी पलकों में! / महादेवी वर्मा
From Hindi Literature
|
कविता कोश की स्थापना के दो वर्ष पूरे! दो वर्ष की उपलब्धियाँ | रचनाकारों की टिप्पणियाँ | अपनी टिप्पणी दीजिये
|
|
रचनाकार: महादेवी वर्मा | |
|
संग्रह का मुखपृष्ठ: सांध्यगीत / महादेवी वर्मा |
नव घन आज बनी पलकों में!
पाहुन अब उतरो पलकों में!
तम-सागर में अंगारे सा;
दिन बुझता टूटे तारे सा,
फूटो शत शत विद्यु-शिखा से
मेरी इन सजला पुलकों में!
प्रतिमा के दृग सा नभ नीरस,
सिकता-पुलिनों सी सूनी दिश;
भर भर मन्थर सिहरन कम्पन
पावस से उमड़ी अलकों में!
जीवन की लतिका दुख-पतझर,
गए स्वप्न के पीत पात झर,
मधुदिन का तुम चित्र बनो अब
सूने क्षण क्षण के फलकों में!
