बादल बरसै मूसलधार / प्रभाकर माचवे
विकिपीडिया, एक मुक्त ज्ञानकोष से

CHANDER
बादल बरसै मूसलधार
चरवाहा आमों के नीचे खड़ा किसी को रहा पुकार
एक रस जीवन पावस अपरम्पार
मेघों का उस क्षितिजकूल तक पता न पाऊँ
कि कैसा घुल-मिल है संसार
-एक धुन्ध है प्यार...
बहना है
यह सुख कहना क्या
उठना-गिरना लहर-दोल पर
हिय की घुण्डी मुक्त खोल कर
पर उस दूर किसी नीलम-घाटी से यह क्या बारम्बार-
चमक-चमक उठता है ?
बिम्बित आँखों में अभिसार...
आज दूर के सम्मोहन ने यात्रामय कर डाला
बिखर गया वह संचित सुधि-धन जो युग-युग से पाला ।
पर यह निराकार आधार
कहाँ से सीटी बजा रहा है
बुला रहा है, पर बेकार-
यहाँ से छुट्टी रज़ा कहाँ है ?
गैयाँ चरती हैं उस पार
दूर धवीले चिन्ह मात्र हैं
जमना लहरै तज बन्ध-
बादल बरसै मूसलधार
