Recent changes Random page
GAMING
Entertainment
 
Star Wars
Star Trek
Transformers
Muppet Wiki
Digimon Wiki
Marvel Database
See more...

महान कवि / अनिल कुमार सिंह

From Hindi Literature

यहां जाईयें: नेविगेशन, ख़ोज
 

 रचनाकार: अनिल कुमार सिंह                 

 संग्रह का मुखपृष्ठ: पहला उपदेश / अनिल कुमार सिंह

देश की सबसे ऊँची जगह से बोलता है
हमारे समय का महान कवि।

चीज़ों के बारे में उसकी अपनी
धारणाएँ हैं, मसलन गाँव
उसे बहुत प्यारे लगते हैं जब
वह उनके बारे में सोचता है

गाँव के बारे में सोचते हुए स्वप्न में चलता है महान कवि।

वह तथ्यों को उनके
सुंदरतम रूप में पेश कर सकता है
सुंदरतम ढंग से पेश करने की लत के कारण
कभी-कभी तथ्यों को ही
निगल जाता है महान कवि

धूप में रेत की तरह चमकती हैं उसकी कविताएँ।

ज़िंदगी के तमाम दाँव-पेंचों के बावजूद
कविताएँ लिखता है
हम अपने को अधम महसूस करने लगें
इतने अच्छे ढंग से
कविताएँ सुनाता है वह

हम पर अहसान करता है महान कवि।
पुल उसे बहुत प्यारे लगते हैं
सत्ता के गलियारों को
फलांगने के लिए
जनता की छाती पर ‘ओवरब्रिज’ बनाता है महान कवि।

क्या आप ठीक-ठीक बता सकते हैं
कहाँ से सोचना शुरू करता है
हमारे समय का सबसे महान कवि !

Rate this article:
Share this article: