Entertainment
 
हर सांस बंदी है यहाँ / रमा द्विवेदी

विकिपीडिया, एक मुक्त ज्ञानकोष से

http://www.kavitakosh.org

CHANDER

कैसे करें उल्लास जब हर सांस बन्दी है यहाँ ?
कैसे रचे इतिहास जब आकाश बन्दी है यहाँ?

अंकुर अभी पनपा ही था कि नष्ट तुमने कर दिया,
कैसे लेंगे जन्म जब गर्भांश बन्दी है यहाँ?
कैसे करें उल्लास जब हर सांस बन्दी है यहाँ?

सपने भी जब देखे हमने उनपे भी पहरे लगे,
कैसे पूरे होंगे जब हर ख्वाब बन्दी है यहाँ?
कैसे करें उल्लास जब हर सांस बन्दी है यहाँ?

सदियों से रितु बदली नहीं,अपनी तो इक बरसात है,
कैसे करें त्योहार जब मधुमास बन्दी है यहाँ?
कैसे करें उल्लास जब हर सांस बन्दी है यहाँ?

त्याग की कीमत न समझी त्याग जो हमने किए,
छीन लीन्हीं धडकनें पर,लाश बन्दी है यहाँ।
कैसे करें उल्लास जब हर सांस बन्दी है यहाँ ?

कुछ कहने को जब खोले लब,खामोश उनको कर दिया,
कैसे करें अभिव्यक्त जब हर भाव बन्दी है यहाँ?
कैसे करें उल्लास जब हर सांस बन्दी है यहाँ?

खून की वेदी रचा कर तन को भी दफ़ना दिया,
कैसे जिएं? कैसे मरें? अहसास बन्दी है यहाँ।
कैसे करें उल्लास जब हर सांस बन्दी है यहाँ?